
राजधानी रायपुर के बेबीलोन टावर में भीषण आग, 47 लोग फंसे थे; डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सभी सुरक्षित निकाले गए
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) राजधानी के तेलीबांधा स्थित बेबीलोन टावर में बुधवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से ऑफिस और रेस्टोरेंट में मौजूद करीब 47 लोग बिल्डिंग के अंदर फंस गए, जिन्हें जिला प्रशासन, SDRF और नगर निगम की टीम ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शीशे की बिल्डिंग होने की वजह से खतरा और बढ़ गया था। धुआं बाहर निकालने के लिए कुछ जगहों को तोड़ना पड़ा। इस दौरान मौके पर SDM कुमार चौबे भी पहुंचे और रेस्क्यू टीम के साथ अंदर जाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम किया।
जानकारी के अनुसार, आग बेबीलोन टावर के बी विंग के तीसरे माले में लगी थी। आग लगने से ए विंग के टॉप फ्लोर पर स्थित सांगरिया रेस्टोरेंट में कई लोग फंस गए थे। वहीं, बी विंग में स्थित कुछ दफ्तरों में भी कर्मचारी मौजूद थे। सभी को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू टीम की तत्परता और प्रशासन की मुस्तैदी से बड़ी अनहोनी टल गई और सभी 47 लोगों की जान बचाई जा सकी। आग पर भी अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




