
महादेव घाट पर होगा श्रीगणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, NGT निर्देशों का पालन सुनिश्चित
नगर निगम ने की तैयारियाँ, समिति गठित – सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात पर रहेगी विशेष नजर
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)गणेश चतुर्थी पर्व के उपरांत 6 सितंबर अनंत चतुर्दशी को शहरभर से लाई गईं श्रीगणेश प्रतिमाओं का विसर्जन इस वर्ष भी खारून नदी के किनारे महादेव घाट पर निर्मित विसर्जन कुंड में किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने इसके लिए विस्तृत आदेश जारी किए हैं।
आयुक्त ने बताया कि विसर्जन शोभायात्रा शारदा चौक से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती, लाखे नगर और सुंदर नगर होते हुए महादेव घाट पहुंचेगी। लाखे नगर चौक से महादेव घाट तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
NGT के निर्देशों का होगा पालन
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के निर्देशों के अनुरूप इस बार भी प्रतिमाओं का सीधे नदी में विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्मित कुंड में ही होगा ताकि नदी का जल प्रदूषित न हो। पूजन सामग्री को अलग कर उपयुक्त स्थान पर रखा जाएगा। साथ ही ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस मिलकर कार्य करेंगे।
समिति हुई गठित, सभी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
नगर निगम ने गणेश विसर्जन की संपूर्ण व्यवस्था के लिए समिति गठित की है, जिसके नोडल अधिकारी अपर आयुक्त विनोद पांडेय (मो. 9424264100) होंगे। समिति में प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर (मो. 9425502640), राजेश नायडू (मो. 9644000770), नगर निवेशक आभास मिश्रा (मो. 9907992294), जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल (मो. 9238343470), जोन 6 कमिश्नर हितेंद्र यादव (मो. 8253087778), और उपायुक्त स्वास्थ्य प्रीति सिंह (मो. 8319517473) शामिल हैं।
यह समिति विसर्जन स्थल पर शामियाना, लाइट, माइक, गोताखोर, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, मोटरबोट और पंडितों की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
अन्य तालाबों पर भी नजर
आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि 6 से 12 सितंबर तक सभी जोन कमिश्नर और अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे। शहर के अन्य तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन न हो, इसके लिए अस्थायी कुंड बनाए जाएंगे। विसर्जन मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और पेयजल टैंकर की भी व्यवस्था की जा रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




