
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ा प्रहार: 20 महीनों में 453 माओवादी ढेर, 1,666 ने किया आत्मसमर्पण
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार के गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद राज्य में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान की ताज़ा जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बीते 20 महीनों में हुई कार्रवाई के दौरान 453 माओवादी मारे गए, 1,616 गिरफ्तार हुए और 1,666 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन अभियानों के चलते नक्सली गतिविधियों में काफी कमी आई है और प्रभावित इलाकों में तेजी से शांति स्थापित हो रही है।
साय ने बताया कि राज्य में नक्सल प्रभावित इलाकों में 65 नए सुरक्षा शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों के खुलने से सुरक्षा बलों को दूरदराज के इलाकों तक पहुंच बनाने में आसानी हुई है। साथ ही, बस्तर सहित अन्य इलाकों में सड़कें, पुल और मोबाइल नेटवर्क जैसी आधारभूत संरचनाओं का भी तेजी से विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हाल ही में आई बाढ़ से ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता है कि पुनर्वास और राहत शिविरों का संचालन किया जाए और प्रभावित क्षेत्रों में जल, बिजली व स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि नक्सल समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग करेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




