
बरपाली अंडरब्रिज बना अव्यवस्था का अड्डा, यातायात नियमों की उड़ रही धज्जियां
कोरबा/चाम्पा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) एनएच 149-बी पर बरपाली गांव में बने अंडरब्रिज के नीचे इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। ब्रिज के नीचे आए दिन यातायात नियमों का उल्लंघन होता है। गाड़ियों का जमावड़ा और ठेले-टप्परों का कब्जा इस मार्ग को जाम का कारण बना रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अंडरब्रिज के नीचे सड़क किनारे ठेले-टप्पर लगाने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। लोग वहीं खड़े होकर खरीदारी और नाश्ता करते हैं, जिससे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग हो रही है। नतीजा यह है कि यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है और नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
बरपाली एक बड़ा और फैला हुआ गांव है, जहां रोजाना आसपास के गांवों से लोग आते-जाते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर अक्सर भीड़ बनी रहती है। स्थिति यह है कि स्कूल बस और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी इस अव्यवस्थित भीड़ के बीच से गुजरने में कठिनाई झेल रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या पर ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




