
प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला: कई जिलों में बारिश, अलर्ट जारी
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की आशंका भी व्यक्त की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर श्रीगंगानगर, बरेली, बाराबंकी, डेहरी, पुरुलिया, दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा दक्षिण ओडिशा-उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश पर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम से लेकर पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी तक एक अन्य द्रोणिका भी प्रभावी है।
तीन घंटे का पूर्वानुमान, ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है।
ऑरेंज अलर्ट: राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिले। यहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) और मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।
यलो अलर्ट: सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले शामिल हैं। यहां हल्की वर्षा और मेघगर्जन की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




