
गरियाबंद में मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर, नारायणपुर में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवानों को दी बधाई, बोले- 2026 तक ‘नक्सलमुक्त भारत’ का सपना होगा साकार
गरियाबंद/नारायणपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक 10 नक्सली मारे गए हैं। इनमें ₹1 करोड़ का इनामी और नक्सलियों की केंद्रीय समिति का सदस्य मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल है। यह नक्सल उन्मूलन अभियान में ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
वहीं, नारायणपुर जिले में भी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण की राह चुनी है। यहां जनताना सरकार सदस्य, पंचायत मिलिशिया डिप्टी कमांडर, पंचायत सरकार सदस्य और न्याय शाखा अध्यक्ष सहित कुल 16 नक्सलियों ने हथियार डालकर समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस सफलता पर सीआरपीएफ की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और डीआरजी के जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह घटनाएं इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं कि नक्सलियों की झूठी विचारधारा अब दम तोड़ रही है और प्रदेश में विश्वास, विकास और शांति की नई सुबह का उदय हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक ‘नक्सलमुक्त भारत’ का संकल्प साकार होगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




