
उपभोक्ता आयोग का बड़ा फैसला : चिकित्सकीय लापरवाही पर सुयश हॉस्पिटल को 16 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश
रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग ने रायपुर के गुढ़ियारी रोड, कोटा स्थित सुयश हॉस्पिटल को चिकित्सकीय लापरवाही के मामले में दोषी मानते हुए पीड़िता को 16 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने अस्पताल को 15 लाख रुपये (6% वार्षिक ब्याज सहित), 1 लाख रुपये मानसिक क्षतिपूर्ति और 10,000 रुपये वाद व्यय के रूप में भुगतान करने का निर्देश दिया।
क्या है पूरा मामला
परिवादिनी हिना सोनी ने अपने पति हिमांशु सोनी की मौत के मामले में सुयश हॉस्पिटल के खिलाफ परिवाद दायर किया था। हिमांशु सोनी 2008 में सड़क दुर्घटना के बाद पैरों में शून्यता और पेशाब नली की समस्या से जूझ रहे थे। उन्हें 18 दिसंबर 2010 से 24 दिसंबर 2010 तक सुयश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी पेशाब नली का लेजर ऑपरेशन किया गया। अस्पताल ने उन्हें 24 दिसंबर को स्वस्थ बताकर डिस्चार्ज कर दिया।
लेकिन 26 दिसंबर को तेज दर्द होने पर जब हिमांशु को फिर से अस्पताल लाया गया तो उनकी हालत अचानक बिगड़ी और उनकी मृत्यु हो गई। हिना सोनी ने आरोप लगाया कि अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उनके पति की जान गई।
विरोधाभासी बयान और सबूतों की कमी
अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया कि हिमांशु को मृत अवस्था में लाया गया था और उन्हें कोई इंजेक्शन नहीं दिया गया। जबकि जिला उपभोक्ता आयोग में चिकित्सकों ने प्रतिपरीक्षण के दौरान स्वीकार किया कि मृत मरीज को पुनर्जनन के प्रयास में इंजेक्शन दिया गया था। इन विरोधाभासी बयानों ने अस्पताल की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
साथ ही, न तो अस्पताल ने सीसीटीवी फुटेज और न ही विजिटर रजिस्टर प्रस्तुत किया। यहां तक कि हिमांशु के पिता को चिकित्सकीय दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे विशेषज्ञ राय लेना संभव नहीं हो पाया। इन परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने अस्पताल की लापरवाही को प्रमाणित माना।
अपील भी खारिज
जिला उपभोक्ता आयोग रायपुर के आदेश के खिलाफ अस्पताल ने राज्य आयोग में अपील की, लेकिन न्यायमूर्ति गौतम चौरडिया और सदस्य प्रमोद कुमार वर्मा की पीठ ने अपील को खारिज करते हुए जिला आयोग का आदेश बरकरार रखा।
अब सुयश हॉस्पिटल को हिना सोनी को कुल 16 लाख रुपये (ब्याज सहित) मुआवजा, मानसिक क्षतिपूर्ति और वाद व्यय का भुगतान करना होगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




