
छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था होगी और पारदर्शी, “विद्या समीक्षा केंद्र” के अंतर्गत उपस्थिति दर्ज करने का नया मोबाइल एप्प लॉन्च
रायपुर(,छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, अनुशासित और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग ने “विद्या समीक्षा केंद्र” के अंतर्गत शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने हेतु एक विशेष मोबाइल एप्प विकसित किया है। यह एप्प अब गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और सभी शिक्षकों के लिए इसे डाउनलोड कर पंजीयन करना तथा प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है।
नई व्यवस्था से शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड वास्तविक समय (रियल टाइम) पर उपलब्ध रहेगा। इससे न केवल विद्यालयीन अनुशासन सुदृढ़ होगा, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार की संभावना है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने 4 सितंबर 2025 को आयोजित समग्र शिक्षा समीक्षा बैठक में इस एप्प को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए थे। हाल ही में उनके गुजरात अध्ययन दौरे के दौरान वहां की तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। गुजरात मॉडल से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ ने और अधिक उन्नत एप विकसित किया है, जिसमें जियो-फेंसिंग फीचर शामिल है।
इस फीचर की मदद से शिक्षक तभी उपस्थिति दर्ज कर पाएंगे जब वे विद्यालय परिसर के भीतर मौजूद होंगे। इससे घर या अन्य स्थान से उपस्थिति दर्ज करने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगेगी। गुजरात के एप में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
इस व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन के लिए महासमुंद, बेमेतरा, दंतेवाड़ा, सूरजपुर और रायगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारियों को कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिक्षकों को एप के उपयोग हेतु आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने के भी आदेश दिए गए हैं।
शासन का मानना है कि यह तकनीकी पहल शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाएगी। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालयीन गतिविधियों की निगरानी भी और अधिक सटीक व सरल होगी।
👉 छत्तीसगढ़ सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




