
कोरबा : माँ मड़वारानी धाम में नवरात्रि का शुभारंभ, भक्तों की उमड़ी भीड़
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) आदिशक्ति माँ मड़वारानी मंदिर, जो कि पूरे प्रदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, वहाँ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ आज विशेष धार्मिक माहौल में हुआ। परंपरा के अनुसार, यहाँ शरद नवरात्रि की शुरुआत पांचवें दिन से होती है। इसी कड़ी में शनिवार 27 सितंबर 2025 को माँ मड़वारानी धाम में प्रथम दिन का शुभारंभ मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित कर माता की आराधना से किया गया।


सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता मंदिर प्रांगण में लगा रहा। सैकड़ों भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। माता मड़वारानी धाम का वातावरण जय माता दी के जयघोष से गूंज उठा और भक्तिभाव से सराबोर माहौल ने सभी को आकर्षित किया।
माँ मड़वारानी धाम न केवल कोरबा जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आस्था का प्रतीक है। मान्यता है कि यहाँ सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य ही पूर्ण होती है। नवरात्रि के दिनों में यहाँ विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक आयोजन भी किए जाते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का संचार होता है।
नवरात्रि के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं ने माता की ज्योति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर अपनी मनोकामनाएँ रखीं। इस दौरान मंदिर समिति और प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्था की है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




