
तिलकेजा में आगजनी की बड़ी वारदात, लाखों का नुकसान — ग्रामीणों में दहशत का माहौल
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिलकेजा में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात उपद्रवियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। देर रात लगभग 2 बजे अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर एक इक्को वाहन और दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया।



घटना के समय पूरा गांव गहरी नींद में था। अचानक उठी आग की लपटें और धुएं को देखकर ग्रामीण नींद से जागे और मौके पर दौड़े। हालांकि तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
वाहन मालिक नरेंद्र उरांव (हरवंश) ने बताया कि इस घटना में उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उनका आरोप है कि यह आगजनी गांव में दहशत फैलाने की सोची-समझी साजिश हो सकती है।
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे अब भी सहमे हुए हैं और गांव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगजनी के पीछे के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




