
बीजापुर: नवरात्र पर श्रद्धालुओं से भरा काफिला हादसे का शिकार, 12वीं की छात्रा की मौत, दो घायल
बीजापुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)नवरात्र पर्व के अवसर पर माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जा रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, बीजापुर एजुकेशन सिटी क्षेत्र में एक हाइड्रा वाहन ने सड़क पर पैदल जा रहे आठ श्रद्धालुओं को रौंद दिया। हादसे में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा साक्षी नक्का, निवासी ज्ञानगुड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना बीजापुर थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि हाइड्रा वाहन और उसके चालक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और नगरवासियों का गुस्सा प्रशासन पर फूट पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि शहर में स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिसकी वजह से चोरी और दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। इस हादसे ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही के मुद्दे को उजागर कर दिया है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द मामले की जांच पूरी करे और भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




