
सरगबुंदिया रेलवे फाटक बंद, आमजन परेशान – अंडरब्रिज/ओवरब्रिज की मांग तेज
कोरबा(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) ग्राम पंचायत बरपाली से जुड़ा सरगबुंदिया रेलवे स्टेशन का फाटक आज दिनांक 23 सितंबर 2025 सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक पटरी पर चल रहे आवश्यक कार्य के चलते बंद रखा गया। इस संबंध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को 3 से 4 दिन पहले सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आज आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह फाटक क्षेत्र का सबसे व्यस्तम रेलवे क्रॉसिंग माना जाता है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, स्कूल बसें और आपातकालीन सेवाएं इसी मार्ग से गुजरती हैं। फाटक बंद रहने के कारण बच्चों के स्कूल समय पर न पहुँच पाने से लेकर एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
बरपाली क्षेत्र का विस्तार कई गांवों तक फैला है। आसपास के ग्रामीण यहाँ बैंक, स्कूल, महाविद्यालय और अस्पताल की सुविधाओं का लाभ लेने आते हैं। ऐसे में अक्सर फाटक बंद रहने से लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं।
ग्रामीणों और आमजनों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अब इसका स्थायी समाधान आवश्यक है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द सरगबुंदिया-बरपाली फाटक पर अंडरब्रिज या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। इससे न केवल बच्चों को समय पर स्कूल जाने में आसानी होगी बल्कि आपातकालीन सेवाएं भी बिना बाधा के सुचारू रूप से चल सकेंगी।
यह विषय जनता की सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, जिस पर शासन-प्रशासन को गंभीरता से ध्यान देना होगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




