
नया रायपुर में दर्दनाक हादसा: ब्लू वाटर में नहाने गए दो स्कूली छात्र डूबे, SDRF की रेस्क्यू टीम मौके पर
नया रायपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) राजधानी से सटे नया रायपुर के ब्लू वाटर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। घूमने पहुंचे दो स्कूली छात्र नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, डूबे छात्रों की पहचान जयेश साहू और मृदुल वंजारिया के रूप में हुई है। दोनों कक्षा 10वीं के छात्र थे और छत्तीसगढ़ स्कूल, टाटीबंध में पढ़ाई करते थे। बताया जा रहा है कि सात से आठ दोस्तों का एक ग्रुप आज ब्लू वाटर घूमने आया था। इसी दौरान सभी नहाने के लिए पानी में उतरे, तभी जयेश और मृदुल गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
साथियों ने जब दोनों को डूबते देखा तो शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बच्चों को पानी में उतरने से मना किया था, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें तैरना आता है। बताया जा रहा है कि एक छात्र को तैरना नहीं आता था, उसे बचाने के प्रयास में दोनों की जान चली गई।
ब्लू वाटर में पहले भी हो चुकी हैं कई मौतें
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, ब्लू वाटर इलाके में पहले भी कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। नकटी गांव के पूर्व पंच मुकेश पाल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में यहां करीब 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से कई शव उन्होंने खुद निकाले हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक 35 से अधिक लोगों की मौत इस खतरनाक जलाशय में हो चुकी है। यहां सुरक्षा के नाम पर केवल एक बोर्ड लगाया गया है, लेकिन किसी तरह की निगरानी या सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। पंचायत द्वारा कई बार प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद कोई ठोस कदम अब तक नहीं उठाया गया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




