
रायगढ़ में 50 लाख का गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार — पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) जिले की पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपए मूल्य के 257.5 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा थाना क्षेत्र के घरघोड़ा–लैलूंगा मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम पुलिस ने घेराबंदी कर एक हुंडई कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से 250 पैकेट (प्रत्येक एक किलो) गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 257.5 किलोग्राम है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है।
आरोपी की पहचान संतोष दास पिता बुधराम दास (आयु 26 वर्ष), निवासी ग्राम चीताबहार थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से तस्करी में प्रयुक्त कार (कीमत लगभग 8 लाख रुपए) और एक वीवो मोबाइल फोन (कीमत 10 हजार रुपए) भी जब्त किया है।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही साइबर सेल, थाना घरघोड़ा और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम ने सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी संतोष दास को गिरफ्तार कर धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




