
आंगनबाड़ी जाने निकली दो मासूम बहनों की नाले में डूबकर मौत, गांव में छाया मातम
सूरजपुर(छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नाले में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। परिजन बदहवास हालत में रो-रोकर बिलख रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना चांदनी बिहारपुर विकासखंड के नवगई गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली 6 वर्षीय पूनम और 4 वर्षीय उर्मिला सुबह आंगनबाड़ी जाने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में दोनों झुरहा नाला किनारे अमरूद तोड़ने चली गईं। इसी दौरान नाले को पार करने की कोशिश में दोनों गहरे पानी में फिसलकर गिर गईं।
स्थानीय लोगों को जब बच्चों के नाले में होने की जानकारी मिली तो उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




