
छत से गुजरे हाईटेंशन तार ने ली मासूम की जान, जिम्मेदारों की लापरवाही पर भड़का जनआक्रोश
नवापारा (छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7)। नवापारा नगर के दम्मानी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर की छत से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से 8 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका अरहमा खान (8 वर्ष) पिता अब्दुल खान अपने घर की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई और छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार केवी हाईटेंशन तार से बिजली का तेज झटका लगा। करंट की चपेट में आते ही बच्ची छटपटाते हुए नीचे गिर पड़ी। हादसे के बाद परिवार के लोग आनन-फानन में उसे शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नवापारा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि जांच के दौरान बच्ची के मुंह से धुआं निकल रहा था, जो बिजली के तेज झटके का संकेत है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि इस हाईटेंशन तार की शिकायत कई बार बिजली विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से की जा चुकी थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने सवाल उठाया है कि —
> “क्या आम नागरिकों की जान की कोई कीमत नहीं? क्या सिर्फ चुनाव के समय ही जनप्रतिनिधियों को जनता की याद आती है?”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मर्चुरी में रखवाया गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे नवापारा क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग अब बिजली विभाग और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




