
रायपुर : होली से पहले किसानों को बड़ी सौगात, अंतर राशि से बढ़ी खुशहाली
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
रायपुर, 28 फरवरी 2026। होली पर्व से पहले राज्य सरकार ने धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि एकमुश्त जारी की गई है। इस फैसले से प्रदेशभर के किसानों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिल रहा है।
सरकार की इस पहल से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ ही आगामी खेती कार्यों और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में भी सहूलियत होगी। किसानों का कहना है कि त्योहार से पहले राशि मिलने से होली की खुशियां दोगुनी हो गई हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी इससे बल मिलेगा।
कोंडागांव जिले के ग्राम कतावंड के किसान अड़मा राम पोयाम ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष धान खरीदी केंद्र में 150 क्विंटल धान बेचा था, जिसकी समर्थन मूल्य की राशि पहले ही बैंक खाते में मिल चुकी थी। अब अंतर राशि के रूप में करीब 1 लाख 9 हजार रुपये मिलने से वे बेहद खुश हैं और इस राशि से परिवार के साथ होली व मेले का त्योहार धूमधाम से मना सकेंगे।
इसी तरह ग्राम कुम्हारपारा के किसान ग्रीकचंद्र पटेल ने बताया कि वे 14 एकड़ में आधुनिक तरीके से धान की खेती करते हैं। इस सीजन उन्होंने 180 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा। होली से पहले अंतर राशि मिलने से घर की जरूरतें पूरी करने के साथ आगामी खेती कार्यों में भी आसानी होगी।
ग्राम कुम्हारपारा निवासी गणेश प्रसाद देवांगन ने बताया कि उनके पास 10 एकड़ भूमि है और इस वर्ष उन्होंने लगभग 162 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा। मूल भुगतान पूर्व में मिल चुका था, लेकिन अंतर राशि मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई है। उनका कहना है कि होली के बाद नए खेती सीजन की शुरुआत होती है, ऐसे में यह राशि खेती और पारिवारिक जरूरतों दोनों के लिए उपयोगी साबित होगी।
किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम किसानों की जरूरतों के अनुरूप है। त्योहार से पहले आर्थिक सहायता मिलने से न केवल किसानों का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




