
रायपुर में नशे में ड्राइविंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 घंटे के अभियान में 154 चालकों पर केस, 15.40 लाख का चालान
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
रायपुर। सड़क हादसों की रोकथाम और होली पर्व के मद्देनजर रायपुर पुलिस ने शुक्रवार रात तीन घंटे का विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 154 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 15 लाख 40 हजार रुपए का चालान काटा गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात/प्रोटोकॉल दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर, सुरेन्द्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, गुरजीत सिंह एवं सीमा अहिरवार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
शहर के आठ प्रमुख स्थानों—तेलीबांधा थाना के सामने, भाठागांव चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, खमतराई थाना के सामने, टाटीबंध चौक, पचपेड़ीनाका चौक और पंडरी थाना के सामने—स्टॉपर लगाकर चेकिंग पॉइंट बनाए गए। रात 10 बजे से 1 बजे तक ब्रीथ एनालाइजर मशीन से सघन जांच की गई।
जांच के दौरान 154 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर और 1 ई-रिक्शा शामिल हैं। इन वाहनों को यातायात मुख्यालय परिसर एवं संबंधित यातायात थानों में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी प्रकरणों को कार्य दिवस में न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां नशे में वाहन चलाने पर प्रत्येक मामले में न्यूनतम 10,000 रुपए का अर्थदंड लगाया जाता है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर आने वाले दिनों में भी विशेषकर रात के समय अलग-अलग स्थानों पर नियमित चेकिंग अभियान जारी रहेगा और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




