
कोरबा में चोरी की वारदातों का खुलासा: दिल्ली-मनाली घूमने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
नगदी, औजार और मोटरसाइकिल जब्त, 5 जगह हुई चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश
छत्तीसगढ़ टाइम्स24×7 कोरबा रायपुर
कोरबा, छत्तीसगढ़। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 02 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी के पैसों से दिल्ली-मनाली घूमने जाना भी स्वीकार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत सीएसईबी एवं मानिकपुर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
5 स्थानों पर हुई थी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया कि चौकी सीएसईबी क्षेत्र के मानसनगर और टीपी नगर में 04 मकान/दुकानों तथा मानिकपुर क्षेत्र की 01 दुकान में ताला तोड़कर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। इन मामलों में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से मिली सफलता
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही राजूदास मानिकपुरी (19 वर्ष) निवासी मुड़ापार, मानिकपुर और उसके साथ दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने मानसनगर, टीपी नगर और कुंआभट्ठा क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
चोरी के पैसों से गए दिल्ली-मनाली

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की रकम से वे दिल्ली और मनाली घूमने गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BE 8715 और नगदी रकम बरामद की है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी सीएसईबी सउनि भीमसेन यादव और चौकी प्रभारी मानिकपुर उनि परमेश्वर राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7



