
होली से पहले कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 33 आरोपी जेल, 94 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शहरभर में सघन चेकिंग
कोरबा, 02 मार्च 2026। होली पर्व को देखते हुए कोरबा पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में 01 मार्च को शहरभर में चेकिंग और कसावट अभियान चलाया गया।
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत असामाजिक तत्वों, गुंडागर्दी और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 33 आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया, जबकि 94 लोगों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्यवाही की गई।
यातायात और अवैध गतिविधियों पर सख्ती
अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक शांति भंग करने की आशंका पर विशेष नजर रखी।
बिना नंबर प्लेट वाहनों पर 10 चालान किए गए।
तीन सवारी वाहन चलाने वाले 51 लोगों पर कार्रवाई।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई।
रात में बेवजह घूमने और अड्डेबाजी करने वालों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 28 प्रकरणों में 33 आरोपियों पर कार्रवाई की। वहीं धारा 126(B) और 135(3) के तहत 83 प्रकरणों में 94 आरोपियों को पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनी रहे।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




