
उरगा मंडल में दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत उरगा मंडल में दो दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अटल समरसता भवन, बस स्टैंड तिलकेजा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत 13 मार्च शुक्रवार शाम 5 बजे से हुई, जो 14 मार्च शनिवार शाम 5 बजे तक चलेगा।


प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के विभिन्न पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रमुख, मंडल कार्यकारिणी सदस्य, मोर्चा अध्यक्ष व महामंत्री तथा जिला एवं राज्य स्तर के कई कार्यकर्ता शामिल होकर संगठनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं के ज्ञान, संगठनात्मक क्षमता और कौशल का विकास करना है।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए, जिनमें जिला एवं प्रदेश स्तर के वक्ताओं ने संगठन की कार्यप्रणाली, कार्यकर्ता की भूमिका, अनुशासन, संगठन विस्तार और सामाजिक दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई तथा समापन राष्ट्रगान जन-गण-मन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ उद्घाटन सत्र प्रारंभ हुआ।
मंडल अध्यक्ष किशन साव से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम दिवस के पहले सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने बतौर वक्ता कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जबकि सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पाण्डेय ने की। दूसरे सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग ने मार्गदर्शन दिया और इसकी अध्यक्षता राम मनोहर सोनी ने की।
प्रशिक्षण के दौरान योगाभ्यास, प्राणायाम, विचार सत्र, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में समय पालन और अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया।
आयोजकों द्वारा प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं के लिए अल्पाहार, भोजन एवं रात्रि विश्राम की भी व्यवस्था की गई थी। परिसर की सजावट सादगीपूर्ण रखते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे विषयों पर भी जागरूकता का संदेश दिया गया।
मंडल अध्यक्ष किशन साव ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ने और उन्हें जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में मिली सीख को समाज और संगठन के कार्यों में लागू करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन कुल 5 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेश एवं जिला स्तर के वक्ता कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




