
उरगा क्षेत्र में बेलगाम चोर! पुलिस गश्त पर उठे सवाल, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरगबंदिया में बीती रात चोरी की एक और बड़ी घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सरगबंदिया स्थित हीरो शोरूम “नूर एजेंसी” को बीती रात करीब 12 से 1 बजे के बीच तीन अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने बेखौफ होकर शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना के दौरान शटर टूटने की आवाज सुनकर पास में रहने वाले 108 एंबुलेंस चालक धनंजय वर्मा की नींद खुल गई। बाहर निकलकर उन्होंने देखा कि तीन युवक सामान लेकर भाग रहे हैं। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए चोरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी बाइक से फरार हो गए।
धनंजय वर्मा ने हार नहीं मानी और अपनी बाइक से करीब 3 से 4 किलोमीटर तक उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भागने में सफल रहे। इसके बाद उन्होंने तत्काल शोरूम संचालक नवाज अरबी को सूचना दी और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को अवगत कराया।
फिलहाल चोरी गए सामान का पूरा विवरण सामने नहीं आ पाया है, लेकिन दुकान संचालक नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
❗ लगातार वारदातों से उठे बड़े सवाल
उरगा थाना क्षेत्र में पिछले 20-25 दिनों के भीतर चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके, पुलिस की गश्त और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की मौजूदगी का कोई डर नहीं रह गया है।
⚠️ ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग तेज
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए और गश्त नहीं बढ़ाई, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। ग्रामीणों ने रात में नियमित पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
🛑 प्रशासन के लिए चेतावनी
यह घटनाएं सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल हैं। अगर समय रहते इन पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो यह सिलसिला और भी खतरनाक रूप ले सकता है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




