
चलती बाइक पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 6 पर कार्रवाई, 1 गिरफ्तार, 5 नाबालिग शामिल
कोरबा | छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7
कोरबा जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली क्षेत्र में चलती मोटरसाइकिल पर चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले 6 आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सीतामणी स्टेशन रोड पर कुछ युवक बाइक पर सवार होकर खुलेआम चाकू लहराते हुए आम नागरिकों को डराने-धमकाने की हरकत कर रहे थे। इस घटना से क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में कुल 6 आरोपी शामिल पाए गए, जिनमें राहुल यादव (27 वर्ष), निवासी कुंजनगर नवधा चौक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 5 नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई है।
आरोपियों के कब्जे से एक करीब 6.5 इंच लंबा धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है, वहीं नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




