
कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 दिनों में 98 वारंटी गिरफ्तार, “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान जारी
छत्तीसगढ़ टाइम्स 24×7 कोरबा रायपुर
कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने महज दो दिनों में 98 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं कटघोरा एएसपी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
अभियान के तहत 10 अप्रैल 2026 को पुलिस ने 4 स्थायी वारंटी और 29 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए, जबकि 11 अप्रैल 2026 को 17 स्थायी वारंटी और 48 गिरफ्तारी वारंटी पर कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 21 स्थायी वारंटी और 77 गिरफ्तारी वारंटी मिलाकर 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद पेश नहीं हो रहे थे। पुलिस ने इन पर लगातार निगरानी रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर गिरफ्तार किया।
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब निर्माण/बिक्री की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आगे भी अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7




