कोरबा: मड़वारानी बटालियन कैंप से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए आरक्षक कन्ना गटपल्ली की तलाश आखिरकार शव की पहचान के साथ खत्म हुई। 43 दिनों तक परिवार अपने जवान की राह देखता रहा, लेकिन जब उसका सुराग मिला तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र की नहर में मिले अज्ञात शव की पहचान परिजनों ने आरक्षक कन्ना गटपल्ली के रूप में की है।
बीजापुर जिले के उसूर गांव का रहने वाला कन्ना गटपल्ली मड़वारानी बटालियन कैंप में पदस्थ था। जानकारी के अनुसार, वह 5 अक्टूबर से कैंप में अनुपस्थित था। इस बीच परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। काफी समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिवार उसकी तलाश में जुट गया।
24 अक्टूबर को बीजापुर से बटालियन के जवान भी मड़वारानी कैंप पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि आरक्षक लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आया है। इसके बाद परिजन कोरबा पहुंचे और काफी खोजबीन के बाद उरगा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
एक महीने से अधिक समय पहले मिला था शव
पुलिस की तलाश के दौरान पता चला कि 9 अक्टूबर को जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात शव मिला था। उस समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान के अभाव में पुलिस ने उसे लावारिस मानकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर दी थी।
17 नवंबर को परिजन उरगा पुलिस के साथ बम्हनीडीह थाना पहुंचे। वहां मौजूद कपड़े, बेल्ट और अन्य सामान के आधार पर उन्होंने शव की पहचान आरक्षक कन्ना गटपल्ली के रूप में की।
कैंप के CCTV फुटेज और जवानों से पूछताछ
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि मड़वारानी कैंप के सामने से नहर गुजरती है, जिसका पानी दूसरे जिले की ओर जाता है। इसी दिशा में भी तलाश की जा रही थी। बम्हनीडीह में मिले शव की पहचान होने के बाद संबंधित थाने में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरक्षक कैंप से किन परिस्थितियों में लापता हुआ था। उसकी मौत नहर में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। कैंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और साथी जवानों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। इन रिपोर्टों के सामने आने के बाद ही आरक्षक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
