कोरबा: पिकनिक मनाने के बहाने कोरबा पहुंचे छह लोगों को जुआ खेलना महंगा पड़ गया। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार लोगों में नगर पालिका के एक एल्डरमैन और शिक्षक एवं प्रिंसिपल बताए जा रहे व्यक्ति का नाम भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पहाड़गांव में कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद उरगा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। दोपहर करीब 2:20 बजे की गई कार्रवाई में छह लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से लगभग 11 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और ताश के पत्ते जब्त किए हैं।

जनप्रतिनिधि और प्रिंसिपल के नाम ने बढ़ाई चर्चा
गिरफ्तार आरोपियों में रविंद्र खाण्डे भी शामिल हैं, जिन्हें बाराद्वार नगर पालिका का एल्डरमैन बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वे जिला युवा मोर्चा में भी पदाधिकारी हैं। वहीं शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं। इन दोनों के नाम सामने आने के बाद इस कार्रवाई की चर्चा राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी होने लगी है।
छह आरोपियों पर दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट के आधार पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना उरगा में अपराध क्रमांक 641/2026 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46), शशिकांत दुबे (56), ज्योतिष वैष्णव (51), रविंद्र खाण्डे (26), दीपक कुमार बंसल (26) और आशुतोष राय (33) के रूप में हुई है। सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बाराद्वार क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
फिलहाल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
