जांजगीर-चांपा: सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती के पीछे छिपी साजिश का खुलासा जांजगीर में हुआ है। Snapchat के जरिए एक युवती के संपर्क में आए युवक को मिलने के लिए चांपा बुलाया गया। युवक जैसे ही तय जगह पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे घेर लिया। चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और 60 हजार रुपए नकद व सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए। मामले में जांजगीर कोतवाली पुलिस ने एक युवती सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
Snapchat से शुरू हुई बातचीत, फिर चांपा बुलाया
पुलिस के मुताबिक, रायगढ़ निवासी मनीष वर्मा की Snapchat पर एक युवती से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी। इसी दौरान युवती ने मनीष को मिलने के लिए चांपा आने को कहा। 4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ा और खुद आगे मिलने चला गया।
रात 12:20 बजे घेराबंदी कर की वारदात
मड़वा प्लांट के पास रात करीब 12:20 बजे छह युवक उसकी कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर 60 हजार रुपए नकद और सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले।
जांच में खुली युवती की भूमिका
लूट का शिकार हुए मनीष ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान वारदात में युवती की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुनाल पाण्डेय (20), अमित राठौर (21), रवि झलरिया (24), मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19), किशन कर्ष (21) और रायगढ़ जिले की एक युवती के रूप में हुई है।
लूट की आधी रकम बरामद, दो मोटरसाइकिल भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपए बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की अपील- अनजान लोगों से मिलने में बरतें सावधानी
घटना के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, ऑनलाइन दोस्ती के बाद किसी अनजान व्यक्ति से मिलने जाने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि जरूर करें। सुनसान जगहों पर मुलाकात करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
