रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठंड का असर बढ़ रहा है, लेकिन अब मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को अलग-अलग जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी है। अचानक मौसम बदलने से जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बढ़ा रहा हलचल
दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान तूफान की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 18 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे यह सिस्टम आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 660 किलोमीटर दक्षिण में था। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव के संकेत हैं।
बलरामपुर-अंबिकापुर में ठंड का असर बरकरार
बारिश की संभावना के बीच प्रदेश में ठंड भी अपना असर दिखा रही है। बुधवार को बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। अंबिकापुर में भी रात का पारा 9.2 डिग्री तक पहुंच गया।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया।
अगले 48 घंटे अहम, मौसम विभाग ने किया सतर्क
चक्रवाती सिस्टम के असर से 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। ठंड के बीच बारिश और तेज हवाओं से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बिजली चमकने और गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
