कोरबा: स्कूल की चारदीवारी के भीतर बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन को लेकर भले ही तमाम दावे किए जाते हों, लेकिन कोरबा जिले के पाली ब्लॉक से सामने आए एक वायरल वीडियो ने स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोरबी धतूरा के सात विद्यार्थियों का नशा करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इनमें दो छात्राएं और पांच छात्र शामिल बताए जा रहे हैं। मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
देखें वीडियो:-
स्कूल में हाजिरी के बाद कहां चले गए सातों विद्यार्थी?
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 नवंबर का है। इस दिन संबंधित विद्यार्थी स्कूल समय में पढ़ाई छोड़कर बाहर चले गए थे। वायरल फुटेज में दो छात्राएं शराब पीने के बाद सिगरेट पीती नजर आ रही हैं। वहीं, पांच छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में गांजा पीते दिखाई दे रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि छात्राओं ने खुद अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था। वीडियो में एक छात्रा स्कूल से भागकर आने की बात कहती सुनाई देती है। वह यह भी दावा करती है कि स्कूल और गांव में लोगों को उनके सिगरेट पीने की जानकारी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला स्कूल से निकलकर शिक्षा विभाग तक पहुंच गया।
प्राचार्य ने बुलाई बैठक, सात विद्यार्थियों को नोटिस
वीडियो सामने आने के बाद स्कूल के प्राचार्य बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक बुलाई। बैठक में पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई और बच्चों के व्यवहार को लेकर चर्चा हुई।
इसके बाद दो छात्राओं और पांच छात्रों को टीसी देने के संबंध में नोटिस जारी किया गया। प्राचार्य ने मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय को भी पत्र भेजकर दी है।
अभिभावकों ने उठाए निगरानी व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूलों में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की गतिविधियों और अनुशासन पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। आखिर स्कूल समय में बच्चे परिसर से बाहर कैसे चले गए? क्या स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं थी? ऐसे सवाल अब उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी विद्यार्थियों ने जिला कलेक्टर से जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ लापरवाही की शिकायत की थी। वहीं, इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कई बार फोन किए जाने के बावजूद उनकी ओर से जवाब नहीं मिला।
नशे की प्रवृत्ति ने बढ़ाई चिंता
स्कूली विद्यार्थियों से जुड़ा यह मामला केवल अनुशासनहीनता तक सीमित नहीं है, बल्कि कम उम्र में नशे की प्रवृत्ति को लेकर भी चिंता बढ़ा रहा है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारी तय करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
