कोरबा: बाहर से चमकते होटल और रेस्टोरेंट की रसोई में आखिर क्या चल रहा है? ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता कितनी सुरक्षित है? इन सवालों के बीच कोरबा में खाद्य विभाग की जांच ने कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने ला दी हैं। ट्रांसपोर्ट नगर के होटल हेरिटेज इन की किचन में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। विभाग ने होटल का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की है।
त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद खाद्य विभाग ने शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रसोई में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति मिली। इस्तेमाल के लिए रखी गई एक्सपायर्ड सामग्री के साथ बड़ी संख्या में कॉकरोच भी पाए गए। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी माना।
होटल की रसोई में मिली खामियों के बीच टीम ने बिरयानी राइस का नमूना भी लिया है। इसे प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्था को देखते हुए लाइसेंस सस्पेंड करने की अनुशंसा की गई है।
सरसों तेल की गुणवत्ता पर भी संदेह
खाद्य विभाग की टीम ने बालको भदरापारा स्थित साहू जनरल स्टोर में भी जांच की। यहां सरसों तेल की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उसका नमूना लिया गया। विभाग ने सैंपल को लैब भेज दिया है। रिपोर्ट में गड़बड़ी सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फूडियो रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई
टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट की जांच में भी स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाई गई। गंदगी के बीच खाना बनाने और साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखने पर विभाग ने सात दिन के लिए बंद करने का नोटिस दिया है। खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि शहर के होटलों, रेस्टोरेंट और दुकानों की लगातार जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी मिल चुकी हैं खाने में लापरवाही की शिकायतें
कोरबा में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। रिसदी रजगामार चौक स्थित एक होटल से 75 किलो खराब गुणवत्ता की मिठाई जब्त कर नष्ट कराई गई थी। इसके अलावा कटघोरा के मुरली होटल के सांभर में कीड़ा और दर्री के एक होटल के सांभर वड़ा में फफूंद मिलने का मामला भी सामने आया था।
कार्रवाई के साथ नियमित निगरानी की जरूरत
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने होटल और रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य विभाग को बड़े होटलों के साथ छोटे ढाबों, ठेलों और सड़क किनारे संचालित होने वाले फूड स्टॉल की भी नियमित जांच करनी चाहिए। लोगों के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में केवल औपचारिक नोटिस जारी करने के बजाय दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।
अब देखना होगा कि खाद्य विभाग की यह मुहिम कितनी नियमित रहती है और जांच में सामने आने वाली कमियों पर आगे क्या कार्रवाई होती है। आखिर होटल में खाना खाने वाला ग्राहक सिर्फ स्वाद ही नहीं, सुरक्षित और स्वच्छ भोजन की उम्मीद भी करता है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
