कोरबा: सड़क पर रफ्तार का कहर किस तरह दूसरों के लिए मुसीबत बन सकता है, इसका नजारा कोरबा के दीपका में देखने को मिला। गेवरा-दीपका-कटघोरा मार्ग पर स्थित सिंह रेस्टोरेंट के सामने बीती रात एक तेज रफ्तार बोलेरो अचानक बेकाबू हो गई। इसके बाद बोलेरो ने सड़क किनारे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मारुति कार, थार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी घटना रेस्टोरेंट के CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
एक टक्कर से मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि सिंह रेस्टोरेंट के सामने पार्किंग में ग्राहक और अन्य लोगों के वाहन खड़े थे। इसी दौरान बजरंग चौक दीपका की ओर से आ रही बोलेरो तेज रफ्तार में पहुंची और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बोलेरो सीधे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से जा टकराई। टक्कर के बाद एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ गए और कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
ड्राइवर के साथ दो अन्य लोग भी थे सवार
रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह के मुताबिक, हादसे के समय पार्किंग में मारुति कार, थार सहित कई वाहन मौजूद थे। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो SECL में नियोजित बताई जा रही है। वाहन में चालक के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे। चालक विजयनगर का निवासी बताया गया है।
नशे में ड्राइविंग की आशंका, पुलिस की जांच जारी
हादसे के पीछे तेज रफ्तार या चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। घटना की जानकारी मिलने पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो को जब्त कर लिया। चालक से पूछताछ की जा रही है।
लाखों का नुकसान, लेकिन टल गई बड़ी अनहोनी
इस दुर्घटना में रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि टक्कर के वक्त पार्किंग के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि वहां लोग खड़े होते या आवाजाही जारी रहती, तो हादसा और गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
