कोरबा: कोरोना काल में शुरू किया गया स्कूल बंद हुआ, नौकरी दिलाने के नाम पर हुए लाखों रुपये के लेन-देन का हिसाब उलझा और बिचौलिए की मौत के बाद रकम भी फंस गई। धीरे-धीरे आर्थिक संकट और कर्ज का दबाव बढ़ता गया। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में सामने आए एक युवक की मौत के मामले ने अब कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेंजरा बाईपास के पास मिले युवक की पहचान ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस को युवक के पास से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है। इसमें करीब 50 लाख रुपये के लेन-देन, नौकरी लगवाने के नाम पर रकम लेने और बकाया पैसों को लेकर बन रहे दबाव का उल्लेख होने की बात सामने आई है।
स्कूल बंद होने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहा था युवक
जानकारी के अनुसार शिवचरण साहू ने कोरोना काल में एक स्कूल शुरू किया था। हालांकि, स्कूल का संचालन सफल नहीं हो सका और उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई। इसी दौरान नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से पैसों के लेन-देन का मामला भी सामने आया।
पुलिस को मिले नोट के मुताबिक इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था। कोरोना काल में उसकी मौत हो जाने के बाद लेन-देन की रकम फंस गई। इसके चलते शिवचरण पर आर्थिक जिम्मेदारियां और कर्ज बढ़ने की बात लिखी गई है।
19 पन्नों में दर्ज है पैसों का हिसाब
पुलिस को मिले दस्तावेज में कथित तौर पर कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का विवरण भी है। नोट में रकम वापस मांगने वाले लोगों के दबाव और मानसिक तनाव का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इसमें लिखी गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला था। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज और आर्थिक परेशानी का उल्लेख है। पुलिस नोट में लिखी जानकारी की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
