कोरबा: रात के अंधेरे में युवक से मारपीट कर मोबाइल और नगदी लूटने वाले तीन आरोपियों को कोरबा की कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए चोरी के दोपहिया वाहन को भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रामसागरपारा निवासी एक युवक के साथ तीन आरोपियों ने मारपीट की और उसका मोबाइल व नगदी रकम लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 937/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लखन राजपूत (23 वर्ष), रवि निषाद उर्फ दादू (22 वर्ष) और कमल निषाद उर्फ टेंगना को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी कोरबा के निवासी हैं।
आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल, नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4), 115(2) और 351(3) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
