कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के बीचों-बीच स्थित एक होटल में जुआ खेलने का मामला सामने आया है। जेबी होटल के कमरे में बाकायदा शराब और चखने के इंतजाम के साथ जुए का खेल चल रहा था। इसकी भनक लगते ही कोतवाली पुलिस ने होटल में छापेमारी की। मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 18 हजार 800 रुपए नकद जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को होटल में जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के निर्देश पर पुलिस टीम ने दबिश दी। छापेमारी के दौरान कमरे में पांच लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर जुए की रकम जब्त कर ली।
कोरबा से रायपुर तक के आरोपी शामिल
पुलिस कार्रवाई में संजय कुमार (40), तरुण मिश्रा (42), दीपेश जैन (38), सुनील कुमार (39) और धनराज कुमार पकड़े गए हैं। इनमें संजय कुमार तुलसी नगर रोड, तरुण मिश्रा सीएसईबी, दीपेश जैन अवध नगर निहारिका और सुनील कुमार तुलसी नगर के निवासी हैं। वहीं धनराज कुमार रायपुर के सदर बाजार अमलीडीह का रहने वाला है।
कमरे किराए पर देकर जुआ खिलाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, होटल संचालक पर कमरे किराए पर देकर जुआ खेलने की व्यवस्था कराने का आरोप है। इतना ही नहीं, कमरे में शराब और चखने का इंतजाम भी किया गया था। मामले में जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। होटल संचालक की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
उरगा में भी हुई थी कार्रवाई
कोरबा जिले में जुए के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का यह दूसरा मामला है। एक दिन पहले उरगा पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा था। गिरफ्तार लोगों में बाराद्वार के एल्डरमैन और एक प्रिंसिपल भी शामिल थे।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद अब शहर के होटलों और अन्य ठिकानों पर चल रही गतिविधियों की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
