रायपुर: परिवार के साथ शहर से बाहर जाना एक डॉक्टर को महंगा पड़ गया। घर में ताला लगाकर वाराणसी गए परिवार के पीछे चोर ने सूने मकान को निशाना बना लिया। आरोपी ने घर के अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान 18 नवंबर 2026 को परिवार के साथ वाराणसी गए थे। इस दौरान उन्होंने घर में ताला लगा रखा था। 20 नवंबर को जब परिवार वापस लौटा तो मकान के अंदर चोरी होने का पता चला। घर के बाहरी गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। जांच करने पर अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ पाया गया, जिसमें रखे कीमती सामान गायब थे।
घटना की शिकायत मिलते ही तेलीबांधा पुलिस ने BNS की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस ने श्याम सोना (22), निवासी मौलीपारा शाम बाजार, तेलीबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
छत पर छिपाकर रखा था चोरी का सामान
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सामान को उसने अपने घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नकद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
