कोरबा: हसदेव नदी के संरक्षण और प्रदूषण मुक्त बनाने की मुहिम को गति देने के लिए नमामि हसदेव सेवा समिति ने धार्मिक आयोजनों के साथ जन-जागरूकता अभियान को भी विस्तार देने की तैयारी की है। इसी कड़ी में समिति आगामी 22 से 24 नवंबर तक मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर तीन दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ आयोजित करेगी। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के अवसर पर हसदेव नदी तट पर भव्य महाआरती का आयोजन होगा।
कोरबा प्रेस क्लब के तिलक भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष महाआरती में चित्रकूट के निर्मोही अखाड़े से जुड़ीं दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती विशेष रूप से शामिल होंगी। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के माध्यम से आमजन को नदियों की स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
नदी को प्रदूषण से बचाने रिवरफ्रंट की मांग
पत्रकार वार्ता के दौरान समिति ने हसदेव नदी की बदहाल होती स्थिति पर चिंता जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि औद्योगिक राखड़ और दूषित जल का प्रवाह नदी के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण आने वाले समय की बड़ी जरूरत है।
इसी को ध्यान में रखते हुए समिति ने दर्री बांध से कुदुरमाल पुल तक रिवरफ्रंट विकसित करने की मांग उठाई है। प्रस्ताव के तहत नदी में गिरने वाले दूषित पानी को रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित करने तथा नदी के तटों को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की मांग की गई है। समिति का कहना है कि इस परियोजना से प्रदूषण नियंत्रण के साथ नदी तटों पर योग, ध्यान और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान भी विकसित हो सकेगा।
पदयात्रा निकालकर सरकार तक पहुंचाएंगे आवाज
रिवरफ्रंट की मांग को जन आंदोलन का रूप देने के लिए समिति आने वाले महीनों में सर्वमंगला मंदिर से कलेक्ट्रेट तक जन-जागरण पदयात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर हसदेव नदी के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जाएगी।
जन-जागरूकता अभियान का दिखने लगा असर
समिति के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से स्कूलों और सामाजिक स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। अब लोग पूजा और हवन सामग्री को पॉलीथिन सहित नदी में विसर्जित करने के बजाय केवल पूजन सामग्री प्रवाहित करने के प्रति जागरूक हो रहे हैं। समिति इसे नदी संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव मान रही है।
पत्रकार वार्ता में संरक्षक शेष सिंह ठाकुर, अध्यक्ष चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष रणधीर पांडे, सचिव यशवंत कुमार मिश्रा और सह-सचिव विजय राठौर उपस्थित रहे। समिति ने शहरवासियों से तीन दिवसीय महायज्ञ और देव दीपावली पर आयोजित महाआरती में शामिल होने की अपील की है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
