कोरबा: ऑनलाइन गेम के जरिए अनजान व्यक्ति से हुई पहचान किस तरह परेशानी का कारण बन सकती है, इसका मामला कोरबा में सामने आया है। ऑनलाइन लूडो खेलते समय 24 वर्षीय युवती की बातचीत अहमदाबाद के एक युवक से शुरू हुई। कुछ समय बाद युवक उससे मिलने कोरबा पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर चला गया। युवती के अचानक लापता होने से परेशान परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी। आखिरकार कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से युवती को जयपुर से बरामद कर लिया।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेलती थी। इसी दौरान उसकी पहचान अहमदाबाद निवासी युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया। आरोप है कि युवक ने युवती को अपने प्रभाव में लिया और कोरबा आकर उसे अपने साथ ले गया।
चार दिन तक परिजन रहे परेशान
युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। परिचितों और रिश्तेदारों से पूछताछ के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह अपने पास मोबाइल भी नहीं रखती थी। परिजनों को आशंका थी कि युवक ने उसकी स्थिति का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
साइबर सेल ने खोज निकाली लोकेशन
गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए अहमदाबाद के युवक से संपर्क होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और युवती की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस टीम को युवती के जयपुर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे वहां से बरामद कर लिया गया।
चांदी की पायल बेचने का भी आरोप
परिजनों ने युवक पर युवती के साथ ठीक व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवती को वहां ठीक से खाना-पीना भी नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, उसके पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी गई। पुलिस युवती को सुरक्षित कोरबा लेकर पहुंची, जहां उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। साइबर सेल की मदद से उसे जयपुर से बरामद कर लिया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
