कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लाद में 70 वर्षीय महिला की उसके ही घर में घुसकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त महिला घर में अकेली थी। शुक्रवार सुबह जब उसकी बहू पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। महिला चारपाई पर मृत पड़ी थी। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में नायलान की रस्सी बंधी थी।
मृतका की पहचान पद्मनिया बाई के रूप में हुई है। वह अपने बेटे और बहू से अलग सड़क किनारे बने मकान में रहती थी। दोनों के मकान आसपास ही हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात वह रोज की तरह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने घर में प्रवेश किया और उसकी हत्या कर दी।
सुबह बहू पहुंची तो खुला वारदात का राज
शुक्रवार सुबह बहू अपनी सास से मिलने पहुंची। घर का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर उसने पद्मनिया बाई को चारपाई पर बेसुध हालत में देखा। पास जाकर देखने पर गले में रस्सी बंधी होने और मुंह में कपड़ा ठूंसे जाने की बात सामने आई। इसके बाद उसने शोर मचाया। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
जादू-टोना के शक समेत कई पहलुओं पर जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में महिला की हत्या नायलान की रस्सी से गला घोंटकर किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को घटनास्थल पर शौच किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं। इस असामान्य परिस्थिति को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर जादू-टोना के शक को भी हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
तालाब तक पहुंचा खोजी कुत्ता, बारिश ने रोका रास्ता
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से गंध लेते हुए बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के कारण आगे की दिशा में सुराग नहीं मिल सके।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
