कोरबा: घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकला 21 वर्षीय युवक तीन दिन बाद डेम में मृत अवस्था में मिला। दर्री के प्रगतिनगर डेम में शनिवार सुबह युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। वह बांगो थाने में पदस्थ आरक्षक धनंजय सिंह का पुत्र था।
दरअसल अर्जुन 18 नवंबर को अपनी बाइक लेकर कमला नेहरू महाविद्यालय जाने के लिए घर से निकला था। वह दर्री सीएसईबी कॉलोनी स्थित कैलाश विहार में अपने पिता के साथ रहता था। घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर गुमशुदगी की सूचना दर्री थाने में दी गई। युवक की तलाश के लिए सोशल मीडिया पर भी अपील की गई थी।
शनिवार की सुबह इस मामले में उस वक्त नया मोड़ आया, जब प्रगतिनगर डेम में मछली पकड़ने जा रहे मछुआरों ने पानी में एक शव देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। पहचान की प्रक्रिया के दौरान आरक्षक धनंजय सिंह ने उसकी पहचान अपने बेटे अर्जुन के रूप में की।
कहां गई अर्जुन की बाइक और मोबाइल?
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि कॉलेज जाने के लिए निकले अर्जुन की बाइक और मोबाइल आखिर कहां हैं? दोनों का अब तक पता नहीं चल पाया है। युवक डेम तक किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि डेम से युवक का शव बरामद हुआ है। बाइक और मोबाइल की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अर्जुन के घर से निकलने के बाद उसके साथ क्या हुआ, यह जानने के लिए पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य जानकारियों को खंगाल रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
