कोरबा: महज 2 हजार रुपए के लिए तीन लोगों ने मिलकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों में एक ऐसा व्यक्ति भी शामिल है, जो महिला के यहां गाय-बैल चराने का काम करता था। काम के बदले पैसे लेने पहुंचे आरोपियों की नजर घर में रखी रकम पर पड़ी और लालच में उन्होंने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना कोरबा जिले के ग्राम लाद की है। मृतका भगमतिया बाई अपने घर में अकेली रहती थीं। उनका बेटा और बहू पास के ही दूसरे मकान में रहते थे। 19 नवंबर की रात वह रोज की तरह अपने घर में सो रही थीं, लेकिन अगली सुबह उनकी जिंदगी का अंत हो चुका था।
सुबह बहू पहुंची तो घर में मिली बुजुर्ग की लाश
20 नवंबर की सुबह बहू जब सास के घर पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। भगमतिया बाई चारपाई पर मृत पड़ी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के बेटे बबलू मरकाम की शिकायत पर कोरबी चौकी में हत्या का अपराध दर्ज किया गया।
500 रुपए मिलने के बाद घर में रखी रकम पर पड़ी नजर
पुलिस जांच में पता चला कि इंद्रपाल अगरिया (43 वर्ष) मृतका के यहां गाय-बैल चराने का काम करता था। घटना से पहले वह अपने दोस्त देव कुमार मरकाम (26 वर्ष) से मिला था। इसके बाद दोनों इंद्रपाल के घर पहुंचे, जहां उसकी पत्नी राजकुमारी अगरिया (33 वर्ष) भी मौजूद थी। तीनों ने साथ में शराब पी।
इसके बाद तीनों भगमतिया बाई के घर पहुंचे और पशु चराने के काम के बदले 500 रुपए लिए। इसी दौरान उनकी नजर घर में रखी पेटी और बैग में मौजूद पैसों पर पड़ी। पुलिस के मुताबिक यहीं से तीनों ने चोरी की योजना बनाई।
रात में पहुंचे और वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, रात में तीनों फिर बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे। देव कुमार को बाहर निगरानी की जिम्मेदारी दी गई, जबकि इंद्रपाल और उसकी पत्नी घर के अंदर गए। दोनों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। इसके बाद घर में रखे बैग से 2 हजार रुपए निकालकर तीनों वहां से चले गए।
डॉग स्क्वायड के बाद पूछताछ से खुला राज
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के कारण आगे सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर इंद्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी पत्नी और दोस्त के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
