बिलासपुर: प्यार के रिश्ते में शुरू हुई कहानी का अंत बेहद दर्दनाक हुआ। शादी को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच चल रहे विवाद ने ऐसा मोड़ लिया कि युवक ने होटल के कमरे में खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब इस मामले में करीब 10 महीने बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, बलरामपुर निवासी विकास गुप्ता (22 वर्ष) रायपुर में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। उसकी पहचान सूरजपुर जिले के भटगांव निवासी आकांक्षा सिदार (21 वर्ष) से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। आकांक्षा बिलासपुर के कोनी इलाके में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए।
शादी की बात पर रिश्ते में बढ़ने लगी कड़वाहट
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच शादी को लेकर अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि आकांक्षा विकास पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इतना ही नहीं, शादी से इनकार करने पर उसे फंसाने की धमकी भी दी जाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।
होटल के कमरे में हुआ था विवाद
27 जनवरी 2026 को विकास और आकांक्षा कोनी इलाके के एक होटल में साथ ठहरे हुए थे। इसी दौरान एक बार फिर शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के बाद विकास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। उस वक्त आकांक्षा भी कमरे में मौजूद थी।
घटना के बाद विकास को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद शुरू हुई जांच, अब हुई गिरफ्तारी
विकास की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों के संबंधों, विवादों और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। जांच में मिले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर पुलिस ने आकांक्षा की भूमिका को संदिग्ध पाया।
इसके बाद 21 नवंबर को पुलिस ने आकांक्षा सिदार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
