रायगढ़: मंदिर में सिंदूर भरकर युवती को अपने साथ घर ले आया, लेकिन जब परिवार ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने की बात कही तो युवक अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, युवती और उसके परिजनों के शादी के लिए दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। आखिरकार पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह पूरा मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सागर पटैल उर्फ छोटू (22) खरसिया का रहने वाला है। 20 वर्षीय युवती उसे पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने युवती के सामने प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
घर पहुंचा, फिर शादी का भरोसा देकर बिलासपुर ले गया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने आरोपी को पहले ही बता दिया था कि उसके परिजन इस रिश्ते के लिए राजी नहीं होंगे। आरोप है कि 7 सितंबर 2026 की रात सागर उसके घर पहुंचा और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
अगले दिन शादी करने की बात कहकर वह युवती को ट्रेन से बिलासपुर ले गया। वहां एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और इसे शादी बताते हुए अपने घर ले आया। इसके बाद युवती आरोपी के घर में रहने लगी।
सामाजिक रीति-रिवाज से शादी की बात पर बदला रवैया
कुछ समय बाद युवती के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई। उन्होंने आरोपी से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार शादी करने की बात कही। शुरुआत में आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़िता और उसके परिजनों ने जब इस संबंध में दबाव बनाया तो आरोपी ने कथित तौर पर युवती को जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने महिला थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
घर पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम खरसिया पहुंची और आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिलाओं से जुड़े अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िता को धमकी देने के मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में शिकायत मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
