कोरबा: जिले के चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर अनोखे और विरोध के तीखे तरीके से प्रशासन का ध्यान खींचा। सोमवार को ग्रामीण दंडवत होते हुए घंटाघर स्थित अंबेडकर चौक से कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन ने गांव खाली कराने में जल्दबाजी दिखाई, लेकिन पुनर्वास के नाम पर उन्हें आज तक बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल सकीं।
ग्रामीणों का कहना है कि महज तीन दिनों के भीतर गांव खाली करा लिया गया और प्रभावित परिवारों को छह अलग-अलग स्थानों पर बसा दिया गया। इसके बावजूद इन नई बसाहटों में न तो पक्की सड़कें हैं और न ही पेयजल, नाली और शौचालय की समुचित व्यवस्था। ऐसे में विस्थापन के बाद उनका जीवन पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है।
छह बसाहटें, लेकिन सुविधाओं का अब भी इंतजार
प्रभावित परिवारों के मुताबिक, पुनर्वास स्थलों पर सड़क, पानी और नाली जैसी बुनियादी जरूरतों के अलावा चारागाह, मुक्तिधाम, देवस्थल, मंदिर, सांस्कृतिक मंच, तालाब, खेल मैदान और मवेशियों के लिए शेड जैसी व्यवस्थाएं भी अधूरी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बैठकों के दौरान मकान किराया देने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिला।
बारिश और तूफान ने उजागर की पुनर्वास की बदहाली
ग्रामीणों ने बताया कि अस्थायी रूप से बनाए गए झोपड़ीनुमा मकान हालिया चक्रवाती तूफान और बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए। पक्के मकानों के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा भर गया है। उनका आरोप है कि खदान के पहाड़ की ओर हाईवॉल नहीं होने से बारिश का पानी और मलबा निर्माणाधीन मकानों तक पहुंच रहा है।
इस स्थिति से परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, खराब मौसम के बावजूद कई परिवार अस्थायी झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं। शौचालय नहीं होने से महिलाओं और पुरुषों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।
कई बार आवेदन, फिर भी नहीं निकला समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल प्रबंधन को कई बार आवेदन सौंपे, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते 23 नवंबर को दंडवत न्याय यात्रा निकालने की सूचना प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को पहले ही दे दी गई थी।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई इस यात्रा में ग्रामीण हाथों में आवेदन लेकर सड़क पर दंडवत होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यात्रा को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ भी जुटी। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुनर्वास स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे खदान बंद कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
एसईसीएल का पक्ष: संवाद से सुलझाएंगे समस्याएं
वहीं, एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण और विस्थापित परिवार कंपनी के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। उनका सम्मानजनक पुनर्वास एसईसीएल की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों को आदर्श स्वरूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिसमें सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या है तो वे सीधे प्रबंधन के सामने अपनी बात रखें। संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
