कोरबा: जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बच्चों को सुरक्षित स्कूल लाने और ले जाने की जिम्मेदारी निभाने वाले तंत्र की लापरवाही का मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिसदी चौक के पास सामने आया है। यहां स्कूली बच्चों को मालवाहक पिकअप वाहन के खुले डाले में बैठाकर ले जाते हुए देखा गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है।
मासूमों की सुरक्षा ताक पर, मालवाहक बना बच्चों का वाहन
वायरल वीडियो में शासकीय स्कूल के बच्चे पिकअप वाहन के पिछले खुले हिस्से में बैठे दिखाई दे रहे हैं। जिस वाहन का उपयोग सामान ढोने के लिए किया जाता है, उसी में बच्चों को बैठाकर सफर कराया जा रहा था। न बच्चों के बैठने की सुरक्षित व्यवस्था और न ही किसी तरह के जरूरी सुरक्षा इंतजाम नजर आ रहे थे। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर बच्चों की जान को जोखिम में डालकर इस तरह का परिवहन क्यों किया जा रहा था?
जागरूक नागरिक ने खोली लापरवाही की पोल
बताया जा रहा है कि रिसदी चौक के पास से गुजर रहे एक जागरूक नागरिक ने इस नजारे को देखकर वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो सामने आते ही मामला चर्चा में आ गया। लोगों ने इस घटना को बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ बताते हुए संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर खड़ा हो रहा है। क्या स्कूल प्रबंधन को जानकारी थी कि बच्चों को मालवाहक वाहन से लाया और ले जाया जा रहा है? यदि जानकारी थी तो इस खतरनाक व्यवस्था को रोकने के लिए कदम क्यों नहीं उठाए गए? वहीं यदि प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं थी तो बच्चों के आवागमन की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी?
शिक्षा और परिवहन विभाग की जवाबदेही भी तय हो
बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर नियम और व्यवस्थाएं निर्धारित हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी निगरानी कितनी हो रही है, यह घटना इसका बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है। अब शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग को मामले की जांच कर यह पता लगाना चाहिए कि बच्चों को किसके निर्देश पर मालवाहक वाहन में बैठाया गया था। साथ ही संबंधित वाहन और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
हादसे का इंतजार क्यों, पहले क्यों नहीं जागते जिम्मेदार?
बच्चों की सुरक्षा किसी भी परिस्थिति में लापरवाही का विषय नहीं हो सकती। यदि समय रहते ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग वायरल वीडियो पर संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी कुछ दिनों बाद फाइलों में दबकर रह जाएगा।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही है या विभागीय अनदेखी? आखिर मासूम बच्चों की सुरक्षा का जिम्मेदार कौन है?

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
