कोरबा: जिले में देर रात सड़क पर दौड़ रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक हादसे की वजह बन गया। कबाड़ से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे एक मकान में जा घुसा। जिस समय यह घटना हुई, घर के अंदर परिवार के सदस्य सो रहे थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर से इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार स्थित बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान से जा टकराया। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा।
ट्रक छोड़कर मौके से फरार हुआ चालक
हादसे के बाद चालक मनोज सिंह ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास तलाश शुरू की। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया और जब्त कर थाने ले जाया गया।
ट्रक में मिला करीब 7 लाख का कबाड़
पुलिस की जांच में ट्रक के भीतर 20 हजार 860 किलो कबाड़ लोड होने की जानकारी सामने आई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। अब पुलिस कबाड़ के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
रात के समय हुई इस घटना में परिवार का सुरक्षित बच जाना राहत की बात है। हालांकि, हादसे ने मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे बने मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
