कोरबा: जंगल में हाथियों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों की एक छोटी सी कोशिश बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। कोरबा जिले के जिल्गा गांव में हाथियों को भगाने पहुंचे ग्रामीणों को अचानक एक हाथी ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन उनका ट्रैक्टर हाथी के हमले से नहीं बच सका। हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर पैरों से कुचलकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
फसल बचाने की कोशिश में जंगल पहुंचे थे ग्रामीण
मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ क्षेत्र की ओर से 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा था। हाथियों के गांव की तरफ आने और खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका से ग्रामीण चिंतित थे। इसी के चलते सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल की ओर निकल पड़े।
ग्रामीणों को लगा कि ट्रैक्टर की तेज आवाज से हाथी जंगल की ओर चले जाएंगे, लेकिन उनका यह प्रयास उल्टा पड़ गया। जंगल में मौजूद एक हाथी अचानक झाड़ियों से बाहर निकला और ट्रैक्टर की तरफ तेजी से बढ़ने लगा।
हाथी को देख जान बचाकर भागे ग्रामीण
हाथी को अपनी ओर आता देख ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सभी वाहन छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। ग्रामीणों के हटते ही हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाया। उसने अपनी सूंड से वाहन को उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से कुचलना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद ग्रामीण गांव लौटे और ट्रैक्टर मालिक को पूरी जानकारी दी। बाद में दूसरे किसान का ट्रैक्टर मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहन को खींचते हुए गांव लाया गया।
मोबाइल में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
हाथी और ट्रैक्टर के बीच हुए इस घटनाक्रम को ग्रामीणों ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में हाथी द्वारा ट्रैक्टर को नुकसान पहुंचाने का दृश्य सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जिले में अलग-अलग स्थानों पर हाथियों की मौजूदगी
घटना की जानकारी मिलने और वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने सोमवार देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया कि जिल्गा के जंगल के अलावा कुदमुरा क्षेत्र में भी एक हाथी विचरण कर रहा है। वहीं करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड मौजूद है। वन विभाग की टीमें हाथियों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रख रही हैं।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। गांवों में मुनादी कर लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद खदेड़ने का प्रयास नहीं करने की अपील की गई है। विभाग ने समझाइश दी है कि हाथियों के करीब जाना या उन्हें शोर मचाकर भगाने की कोशिश करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर ग्रामीणों को वन विभाग की टीम को जानकारी देनी चाहिए।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
