कोरबा: शहर के एक महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कर्मचारियों की नजर एक विशाल अजगर पर पड़ी। करीब 8 फीट लंबे अजगर को वर्कशॉप के अंदर देखकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कुछ लोग तत्काल बाहर निकल आए, जबकि अन्य दूरी बनाकर उसकी गतिविधियों पर नजर रखने लगे। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
काम शुरू करने पहुंचे थे कर्मचारी, कोने में दिखा अजगर
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 8 बजे वर्कशॉप में कर्मचारी अपने काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने परिसर के कोने में अजगर को देखा। अचानक सांप दिखाई देने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते इसकी जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंच गई और मौके पर भीड़ जमा होने लगी।
RCRS टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को दी गई। इसके बाद टीम सदस्य उमेश यादव अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले लोगों को अजगर से सुरक्षित दूरी पर किया गया। इसके बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद उमेश यादव ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान न तो वर्कशॉप के उपकरणों को नुकसान पहुंचा और न ही अजगर को चोट आई। रेस्क्यू के बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
सांप दिखे तो बरतें सावधानी, खुद पकड़ने की न करें कोशिश
RCRS की टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप-अजगर भोजन या अनुकूल जगह की तलाश में घरों, वर्कशॉप और रिहायशी इलाकों तक पहुंच सकते हैं।
टीम ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराकर उसे मारने अथवा खुद पकड़ने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन को सूचना दें। समय पर सूचना मिलने से वन्यजीवों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सकता है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
