कोरबा: जंगल और इंसानों के बीच बढ़ते संघर्ष की दो दर्दनाक तस्वीरें सोमवार को कटघोरा वनमंडल में देखने को मिलीं। कहीं फसल को हाथियों से बचाने के लिए लगाया गया करंट एक ग्रामीण की मौत की वजह बन गया, तो कहीं जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए फंदे में फंसकर भालू की जान चली गई। अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं ने वनांचल में सुरक्षा व्यवस्था और अवैध शिकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खेत पहुंचा किसान, लेकिन घर नहीं लौट सका
पसान वन परिक्षेत्र के लोकरहा गांव में सोमवार सुबह उस समय मातम पसर गया, जब 38 वर्षीय कृष्णा कुमार एक्का का शव खेत की मेड़ पर मिला। कृष्णा सुबह करीब 7 बजे फसल देखने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। खेत में पहुंचने पर वह करंट प्रवाहित तार की चपेट में मिले।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में इन दिनों करीब 45 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के खेतों में पहुंचने और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने से परेशान होकर किसान रामायण सिंह ने अपने खेत की मेड़ पर करंट वाला तार लगाया था। इसी तार की चपेट में आने से कृष्णा की जान चली गई।
मामले की सूचना मिलते ही पसान पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अब बिजली विभाग से यह पता लगा रही है कि खेत में बिजली का कनेक्शन वैध था या नहीं और तार लगाने की व्यवस्था किस तरह की गई थी।
सुअर के शिकार की तैयारी, फंदे में फंस गया भालू
इधर, केंदई वन परिक्षेत्र के जंगल में वन्यजीवों के अवैध शिकार का मामला सामने आया। जंगल पहुंचे ग्रामीणों ने एक भालू को मृत अवस्था में देखा और इसकी जानकारी वन विभाग को दी।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि भालू जंगली सुअर को पकड़ने के लिए बिछाए गए स्टील के जाल में फंस गया था। इस फंदे से निकल नहीं पाने के कारण उसकी मौत हो गई। विभागीय टीम ने जाल जब्त कर लिया है और इसे लगाने वाले की पहचान करने में जुटी है।
चेतावनी के बावजूद खेतों में लगाया जा रहा करंट
कटघोरा और कोरबा क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। फसल बचाने के प्रयास में कुछ किसान खेतों के आसपास करंट प्रवाहित तार लगा रहे हैं। प्रशासन और वन विभाग लगातार ऐसे खतरनाक इंतजाम नहीं करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद घटनाएं सामने आ रही हैं।
दूसरी ओर जंगल में शिकार के लिए लगाए जाने वाले तार और स्टील के फंदे वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुके हैं।
एक ग्रामीण की मौत और एक भालू की जान जाने के बाद पुलिस तथा वन विभाग ने अलग-अलग जांच शुरू कर दी है। एएसपी लखन पटले ने बताया कि ग्रामीण की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वहीं वन विभाग की टीम भालू की मौत के लिए जिम्मेदार जाल लगाने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह बताती हैं कि फसल बचाने और अवैध शिकार के लिए अपनाए जा रहे खतरनाक तरीकों पर प्रभावी रोक लगाना बेहद जरूरी हो गया है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
