कोरबा: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। छुरी और लालघाट के पास हुए हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पहली दुर्घटना छुरी के सलोरा बकरा बाजार के पास हुई। बिंझरी निवासी दंपति बाइक से गौरा पूजा में शामिल होने के लिए अपने ससुराल सिरकी जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे उनकी बाइक जा टकराई।
बताया जा रहा है कि ट्रक अचानक सड़क पर रुका हुआ था। तेज रफ्तार होने के कारण बाइक चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और सीधे ट्रक से जा भिड़ा। हादसे में बाइक चला रहे पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक में पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
लालघाट में स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
दूसरी दुर्घटना लालघाट के पास हुई। यहां स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि दोनों मामलों में मर्ग कायम किया गया है। पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
