रायगढ़: जिस पिता ने बेटे को शराब की लत से दूर रखने के लिए टोका, उसी बेटे पर पिता की जान लेने का आरोप लगा है। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम रानी सागर में मंगलवार रात पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में 40 वर्षीय बेटे राजकुमार गिरी पर अपने 62 वर्षीय पिता धरम गिरी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रानी सागर निवासी राजकुमार गिरी को शराब पीने की आदत थी। पिता धरम गिरी उसे अक्सर शराब पीने से रोकते थे। मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कहासुनी के दौरान राजकुमार ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर दिया। हमले में धरम गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और FSL टीम
घटना की जानकारी मिलते ही खरसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे राजकुमार गिरी को हिरासत में ले लिया है। मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
SDOP ने बताया विवाद का कारण
खरसिया SDOP सतीश भार्गव के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शराब पीने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। पिता ने बेटे को शराब पीने से मना किया था। इसी दौरान विवाद बढ़ा और बेटे ने कुल्हाड़ी से पिता पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। FSL की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक पारिवारिक विवाद ने उजाड़ दिया परिवार
रानी सागर की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जिस पिता की चिंता बेटे को नशे से दूर रखने की थी, उसी पिता की मौत के मामले में बेटा पुलिस हिरासत में है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही वारदात से जुड़े सभी तथ्यों की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Cheaf Editor of Chhattisgarhtimes 24×7
